Raipur ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस को बड़ी सफलता: 520 किलो गांजा जब्त, महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 520 किलो गांजा जब्त किया है।

रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 520 किलो गांजा जब्त किया है। इस दौरान एक महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में इस्तेमाल 3 वाहन भी जब्त किए गए। जशपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कुनकुरी और थाना नारायणपुर क्षेत्र में तीन अलग-अलग प्रकरणों में पुलिस ने कुल 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये है। जब्त वाहनों की कीमत करीब 40 लाख आंकी गई है, इस तरह कुल 3 करोड़ रुपये की जप्ती की गई है।

थाना कुनकुरी की कार्रवाई: 494 किलो गांजा बरामद
27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे कुनकुरी पुलिस गश्त पर थी। तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को रोका गया। तलाशी में सब्जी के ट्रे के नीचे छिपाकर रखी 6 बोरियों में 120 पैकेट में 246 किलो गांजा मिला। पुलिस ने बिहार निवासी अनवर अंसारी (45) और दिनेश कुमार केसरी (26) को गिरफ्तार किया। इसी दौरान एक बिना नंबर की किया सेल्टोस तेज गति से गुजरी। पुलिस को देखकर चालक सालियाटोली के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। कार से 20 बैगों में 120 पैकेट में 248 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुनकुरी में कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।
थाना नारायणपुर की कार्रवाई: 26 किलो गांजा, दंपती गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में 27 अगस्त को 11:30 बजे मुखबिर की सूचना पर नारायणपुर चौक पर स्विफ्ट डिजायर क्रमांक MP-33C-5625 को रोका गया। डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेट में 26 किलो गांजा मिला। कार में सवार कमल किशोर ओझा (56) और अनिता सोनी (35), दोनों निवासी शिवपुरी मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे थे। पुलिस अब इसके सप्लायर और रिसीवर की तलाश कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।



