रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पंडरी स्थित ‘मद्रासी बाइट पॉइंट’ बिरयानी सेंटर में बिरयानी के पैसे मांगना होटल मैनेजर के लिए भारी पड़ गया। भुगतान किए बिना जाने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने मैनेजर के साथ जमकर मारपीट की और बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना पडरी क्षेत्र स्थित मद्रासी बाइट पॉइंट बिरयानी सेंटर की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक होटल में पहुंचे और उन्होंने बिरयानी ली। इसके बाद वे बिना भुगतान किए वहां से जाने लगे। होटल मैनेजर ने जब उनसे बिरयानी के पैसे देने के लिए कहा तो युवक विवाद करने लगे। शुरुआत में मामला बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने मैनेजर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने बीयर की बोतल उठाकर मैनेजर के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
Read More : Crime News : चरित्र शंका में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार RAIPUR NEWS
RAIPUR NEWS : अचानक हुए इस हमले से होटल में मौजूद लोग भी घबरा गए। बीयर की बोतल से चोट लगने के कारण मैनेजर के सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद देवेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गुंडागर्दी रोकने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम सक्रिय कर दी गई है।