Farmer Development Scheme : कृषि मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, फसल विविधीकरण पर 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये, श्री अन्न के उपार्जन की भी घोषणा
कृषक उन्नति योजना से 25 लाख से अधिक किसानों को मिले 35,904 करोड़: रामविचार नेताम

रायपुर। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि और खेती को लाभकारी बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में नवाचार हो रहे हैं। कृषक उन्नति योजना से खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक 25 लाख से अधिक किसानों को 35 हजार 904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने छत्तीसगढ़ संवाद नवा रायपुर के ऑडिटोरियम में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि विभाग की उपलब्धियां गिनाईं।
शुक्रवार को नया रायपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कृषि मंत्री नेताम ने बताया कि कृषक उन्नति योजना में किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है। इससे किसानों को अपनी जरूरत और सुविधानुसार धान विक्रय की स्वतंत्रता मिलेगी। निर्धारित रकबे के अनुसार कम मात्रा में धान बेचने पर भी उन्हें सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
Read more : Ishava Villa Spa Center in Raipur sealed;* पीटा एक्ट में केस, देह व्यापार का पुलिस ने किया भंडाफोड़
फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन –
नेताम ने आगे बताया कि धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की गई है। इस घटक में अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है। दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता देने का प्रावधान है। इसके अंतर्गत अब तक 4 लाख 26 हजार 185 किसानों द्वारा 2 लाख 66 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया जा चुका है।
Read more : Ishava Villa Spa Center in Raipur sealed;* पीटा एक्ट में केस, देह व्यापार का पुलिस ने किया भंडाफोड़
दलहन-तिलहन पर एमएसपी पर खरीदी –
पीएम-आशा के तहत वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों की कुल 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल खरीदी की गई। इसके एवज में किसानों को 219.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इसमें अकेले चना की 3 लाख 54 हजार 127 क्विंटल खरीदी कर 24 हजार 257 किसानों को 207.59 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
श्री अन्न के उत्पादन को बढ़ावा –
मंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड के माध्यम से कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन किया जाएगा। इसके लिए 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। रागी का उपार्जन भारत सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा कोदो एवं कुटकी का उपार्जन राज्य शासन द्वारा निर्धारित दरों पर किया जाएगा। उपार्जित श्री अन्न की आपूर्ति आंगनबाड़ियों और माध्यमिक शालाओं को की जाएगी। इस अवसर पर कृषि विभाग के संचालक राहुल देव भी उपस्थित थे।



